महिला पुलिस इन्स्पेक्टर को भैंस जैसे मोटी बोलने पर बढ़ा विवाद, वकील के खिलाफ मामला दर्ज
बेंगलुरु, 18 अगस्त 2026 — कर्नाटक के बेंगलुरु में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी और बॉडी शेमिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि भट्टराहल्ली सिग्नल पर एक वकील और उसके साथ मौजूद लोगों ने महिला अधिकारी के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान उन्हें ‘भैंस’, ‘काली’ और ‘मोटी’ जैसे अपमानजनक शब्द कहे जाने का आरोप है। घटना के बाद केआर पुरा पुलिस ने महिला सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर वकील, उसके दोस्त, पिता और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ट्रैफिक विवाद सुलझाने पहुंची थीं सब इंस्पेक्टर
महिला सब इंस्पेक्टर की शिकायत के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब 8:40 बजे वह ओल्ड मद्रास रोड स्थित भट्टराहल्ली सिग्नल पर ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक स्कूटर सवार को ट्रैफिक कॉन्स्टेबल मंजूनाथ के साथ बहस करते देखा। बताया गया कि स्कूटर सवार को वन-वे रोड पर गलत दिशा में वाहन चलाने के लिए रोका गया था।
सब इंस्पेक्टर ने विवाद शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसी दौरान स्कूटर सवार ने खुद को वकील बताया और महिला पुलिस अधिकारी के साथ भी बहस करने लगा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वकील ने उनका हाथ पकड़ा, उन्हें खींचा और वर्दी में होने के बावजूद उनके साथ मारपीट की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया।
बताया गया कि वकील ने अपने एक दोस्त, जो छात्र है, को भी मौके पर बुला लिया। महिला सब इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया कि उस युवक ने उनका हाथ पकड़कर खींचा, जिससे उनकी उंगली में चोट आई। बचाव में उन्होंने उसे दूर धकेला और पुलिसकर्मियों से 112 पर कॉल करने को कहा।
‘भैंस जैसी मोटी’ कहने और धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद वकील के पिता, भाई और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि वकील के पिता ने महिला सब इंस्पेक्टर के शरीर को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की और उन्हें ‘भैंस जैसी मोटी’ कहा। वहीं अन्य लोगों पर भी गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
महिला सब इंस्पेक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि वकील ने उन्हें नौकरी से हटवाने की धमकी दी और उनकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया तथा दूसरे मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाने की बात कही। हंगामा बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया।
घटना के बाद महिला अधिकारी ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने केआर पुरा सरकारी अस्पताल में इलाज कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के साथ घटना से जुड़े वीडियो भी सबूत के तौर पर दिए गए हैं। मामले की जांच जारी है।